Crude: जंग जल्द खत्म होने की उम्मीद से तेल में बड़ी गिरावट, एक हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंचा भाव

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बुधवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 15% से अधिक टूटकर 99.78 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जो पिछले एक सप्ताह का सबसे निचला स्तर है। मंगलवार को यह 118.35 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ था, ऐसे में एक दिन में आई यह गिरावट बाजार के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार की इस कमजोरी का असर घरेलू कमोडिटी बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। एमसीएक्स पर अप्रैल क्रूड फ्यूचर्स 474 रुपये यानी 4.95% गिरकर 9,093 रुपये प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा। इससे संकेत मिल रहे हैं कि भारतीय बाजार फिलहाल पूरी तरह वैश्विक रुझानों का अनुसरण कर रहा है।
कीमतों में यह तेज गिरावट अमेरिका-ईरान तनाव जल्द कम होने की उम्मीदों के बाद आई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि अगले दो से तीन हफ्तों में संघर्ष खत्म हो सकता है, जबकि ईरान की ओर से भी कुछ शर्तों के साथ तनाव घटाने के संकेत मिले हैं। इससे बाजार में बना रिस्क प्रीमियम तेजी से कम हुआ और निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी।
हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि गिरावट के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य अब भी बड़ा जोखिम बना हुआ है। अगर वहां आपूर्ति बाधित होती है, तो तेल कीमतों में फिर तेजी लौट सकती है। फिलहाल यह गिरावट बाजार के लिए राहत जरूर है, लेकिन भू-राजनीतिक अनिश्चितता अभी भी बनी हुई है।


