उत्तराखंड
टिहरी में बड़ा हादसा: राशन से भरा ट्रक यमुना नदी में गिरा, एक लापता, दूसरा घायल

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नैनबाग-दिल्ली यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर राशन से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर यमुना नदी में जा गिरा।
जानकारी के अनुसार, ट्रक विकासनगर से जखोल की ओर सरकारी राशन लेकर जा रहा था। इसी दौरान यमुना पुल और मसूरी बैंड के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सीधे नदी में समा गया।
हादसे के समय ट्रक में दो लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति लापता हो गया है, जबकि चालक घायल हो गया। घायल चालक को उपचार के लिए नैनबाग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और लापता व्यक्ति की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि हादसा काफी भीषण था, जिससे ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।



