
हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने पहले युवती से मारपीट की, उसका मोबाइल फोन छीना और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। कुछ ही देर बाद वही युवक बहादराबाद क्षेत्र में गैस प्लांट के पास खाली मैदान में गोली लगने से मृत मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, युवती उत्तर प्रदेश के फैजाबाद की रहने वाली है और इन दिनों हरिद्वार के जमालपुर क्षेत्र में रहकर एक फैक्ट्री में काम कर रही थी। उसने शिकायत में बताया कि उसके गांव का रहने वाला युवक सुजीत वर्मा जमालपुर चौक पर मिला और उससे विवाद करने लगा। आरोप है कि उसने युवती के साथ मारपीट की, मोबाइल छीना और धमकी देकर भाग निकला।
सूचना मिलते ही पुलिस ने युवक की लोकेशन ट्रेस की और पीछा करते हुए इंडियन बॉटलिंग प्लांट के पास पहुंची। यहां बाउंड्री वॉल के पीछे युवक का शव पड़ा मिला। मौके से अवैध पिस्टल बरामद हुई है, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस एकतरफा प्यार, धमकी और आत्मघाती कदम के बीच संबंधों की गहराई से पड़ताल कर रही है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक के पास अवैध हथियार कहां से आया।



