देहरादून: सिर्फ IRCTC के जरिए होगी केदारनाथ हेली सेवा की बुकिंग, 10 अप्रैल से पोर्टल खुलेगा

चारधाम यात्रा 2026 से पहले केदारनाथ हेली सेवा को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। इस बार हेली टिकट की 100% बुकिंग केवल IRCTC के माध्यम से ऑनलाइन होगी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने बुकिंग की तैयारियां पूरी कर ली हैं और 10 अप्रैल से पोर्टल खोलने की तैयारी चल रही है।
पहले चरण में 20 दिनों की यात्रा के स्लॉट के लिए टिकट बुकिंग की जाएगी, जिससे श्रद्धालु अपनी यात्रा पहले से सुरक्षित कर सकेंगे। यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में IRCTC अधिकारियों के साथ बैठक में बुकिंग व्यवस्था और 21 अप्रैल से शुरू होने वाली शटल सेवा पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस बार यूकाडा ने गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड से आठ रूटों पर चार ऑपरेटरों का चयन किया है, ताकि यात्रा के दौरान बेहतर और सुचारु हेली सेवा मिल सके। साथ ही मौसम खराब होने पर शटल रद्द होने की स्थिति में यात्रियों को जल्द रिफंड देने पर भी सहमति बनी है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि फर्जी वेबसाइटों और सोशल मीडिया लिंक से सावधान रहें और केवल आधिकारिक IRCTC पोर्टल से ही टिकट बुक करें। साइबर ठगी की घटनाओं को देखते हुए यह व्यवस्था यात्रियों की सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए अहम मानी जा रही है।



