देहरादून/हरिद्वार: 14 अप्रैल को उत्तराखंड आएंगे पीएम मोदी, दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे समेत कई परियोजनाओं की देंगे सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को पांच महीने बाद उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं, जहां वे राज्य को कई बड़ी विकास योजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दौरे की पुष्टि करते हुए कहा कि पीएम का उत्तराखंड से आध्यात्मिक और व्यक्तिगत जुड़ाव हमेशा खास रहा है।
इस प्रस्तावित दौरे में सबसे बड़ी सौगात देहरादून-नई दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेसवे/दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण माना जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे, जिससे राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले पीएम मोदी 9 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना रजत जयंती समारोह में उत्तराखंड आए थे, जहां उन्होंने ₹8140 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था। इस बार भी उनके दौरे को राज्य के लिए बड़ी विकासात्मक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
सरकार और प्रशासन ने दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित जनसभा, सुरक्षा व्यवस्था और परियोजनाओं के अंतिम निरीक्षण का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। पीएम के इस दौरे से खासकर देहरादून, हरिद्वार और पश्चिमी उत्तराखंड की कनेक्टिविटी परियोजनाओं को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।



