उत्तराखंड

देहरादून: मां ने दिलाया मृत बेटे को न्याय, दो साल बाद खुद ढूंढ निकाला हादसे वाला ट्रक

Listen to this News

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में दो साल पहले हुए हिट एंड रन मामले में एक मां की हिम्मत और संघर्ष ने आखिरकार उसके दिवंगत बेटे के लिए न्याय की उम्मीद जगा दी। पुलिस जांच से निराश होने के बाद मां ललिता चौधरी ने खुद सबूत जुटाने की जिम्मेदारी संभाली और उस ट्रक को खोज निकाला जिसने उनके बेटे को टक्कर मारी थी।

जानकारी के मुताबिक, 16 फरवरी 2024 को ललिता चौधरी के बेटे क्षितिज चौधरी को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि घायल क्षितिज करीब 45 मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा। अस्पताल में इलाज के दौरान उसका एक पैर काटना पड़ा और अगले दिन उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में गंभीरता नहीं दिखाई और बाद में एफआर लगाकर मामला बंद कर दिया। इसके बाद मां ने हार नहीं मानी। उन्होंने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, आरटीओ कार्यालय से ट्रकों के नंबर जुटाए और लगातार दो साल तक खुद जांच करती रहीं। इसी मेहनत के बाद उन्होंने हादसे में शामिल ट्रक UK07CB6929 की पहचान की, जो कथित तौर पर अंकित चौहान के नाम पर पंजीकृत है।

अब पीड़िता ने एसएसपी से मिलकर मामले की दोबारा जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भी नए सबूतों के आधार पर अग्रिम विवेचना शुरू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह मामला एक मां के अदम्य साहस और न्याय के लिए उसके अटूट संघर्ष की मिसाल बन गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button