टिहरी: घनसाली में गैस सिलेंडर के लिए आधी रात एजेंसी के बाहर उमड़ी भीड़, अफरातफरी के बीच प्रशासन ने लौटाया

टिहरी जिले के घनसाली में सोमवार देर रात रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत की खबर फैलते ही इंडियन गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। लोग सुबह आने वाली गैस गाड़ी से सिलेंडर मिलने की उम्मीद में रात से ही लाइन में खड़े हो गए, जिससे मौके पर अफरातफरी जैसे हालात बन गए।
स्थिति की सूचना मिलते ही एसडीएम घनसाली अलकेश नौडियाल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने लोगों को समझाकर वापस घर भेजा और भरोसा दिलाया कि घबराने की जरूरत नहीं है, जिन उपभोक्ताओं की पहले से बुकिंग है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर दिया जाएगा।
स्थानीय समाजसेवी विनोद लाल के अनुसार, पिछले पांच दिनों से गैस सप्लाई नहीं पहुंची थी, जिसके कारण लोगों में चिंता बढ़ गई थी। इसी वजह से ग्रामीण और शहरी उपभोक्ता रात में ही एजेंसी पहुंच गए।
प्रशासन ने साफ किया कि लंबी कतारें गलत सूचनाओं और अफवाहों के कारण लगीं, जबकि गैस वितरण पहले से बुकिंग वाले उपभोक्ताओं और ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर सिस्टम के तहत किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में एलपीजी आपूर्ति की चुनौती को उजागर कर दिया है।



