देहरादून में मोदीमय माहौल: पहली बार 12 किमी रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, पीएम मोदी का भव्य स्वागत

देहरादून में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे ने राजधानी को पूरी तरह मोदीमय बना दिया। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के लोकार्पण से पहले पीएम मोदी ने सिद्धपीठ डाट काली मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया, जिसके बाद उन्होंने पहली बार राजधानी दून में 12 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो किया। रोड शो मार्ग पर बड़ी संख्या में लोग दोनों ओर खड़े होकर पीएम मोदी का स्वागत करते नजर आए और पूरे रास्ते “मोदी-मोदी” के नारों से माहौल गूंज उठा।
रोड शो के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शहर के कई हिस्सों में रूट डायवर्जन लागू रहा और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। पीएम मोदी इसके बाद गढ़ी कैंट स्थित शहीद जसवंत मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। जनसभा स्थल पर भी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली।
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने 11,963 करोड़ रुपये की लागत से बने 213 किमी लंबे दून-दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे समेत कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी। खास बात यह रही कि पीएम ने एलिवेटेड रोड पर उतरकर कॉरिडोर का निरीक्षण भी किया और व्यू प्वाइंट से परियोजना का जायजा लिया।
प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका उत्तराखंड का 28वां दौरा रहा, जिसने एक बार फिर देवभूमि से उनके विशेष जुड़ाव को उजागर किया।



