भीमताल: गोवंश से भरा ट्रक पकड़ा, ग्रामीणों और भाजपा नेताओं का हंगामा; तीन हिरासत में

नीताल/भीमताल: नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र में गोवंश को ट्रक में ठूंस-ठूंसकर ले जाने का मामला सामने आने से ग्रामीणों और स्थानीय नेताओं में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत जंतवालगांव में बुधवार शाम करीब छह बजे एक ट्रक में आठ मवेशियों को भरकर हल्द्वानी की ओर ले जाया जा रहा था। ग्रामीणों ने जब वाहन को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। भीमताल कोतवाल राजेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन चालक व साथ मौजूद लोगों से पूछताछ की। संतोषजनक जवाब न मिलने पर वाहन को मवेशियों समेत कोतवाली ले जाया गया।
पुलिस जांच के दौरान पता चला कि वाहन में दो मवेशियों की हालत गंभीर थी, जिन्हें तत्काल पशु चिकित्सालय भेजा गया। बाकी गोवंश को सुरक्षित रूप से भीमताल की एक निजी गोशाला में भेज दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन जंतवाल, भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट और कुलदीप बोहरा समेत कई स्थानीय लोग कोतवाली पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गोवंश को बेहद अमानवीय तरीके से वाहन में भरा गया था।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से पूछताछ जारी है। यदि दस्तावेज और जवाब संतोषजनक नहीं मिले तो उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले ने पूरे भीमताल क्षेत्र में चर्चा और नाराजगी का माहौल बना दिया है।



