उत्तराखंड

हल्द्वानी: क्लास में चक्कर खाकर गिरा 12 वर्षीय छात्र, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत; परिवार में मचा कोहराम

Listen to this News

हल्द्वानी/नैनीताल: हल्द्वानी के फतेहपुर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां निजी स्कूल में पढ़ाई के दौरान कक्षा सात के 12 वर्षीय छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह क्लासरूम में ही चक्कर खाकर गिर पड़ा। स्कूल स्टाफ ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, छात्र को पिछले तीन दिनों से चक्कर आने की शिकायत थी और परिवार उसका इलाज भी करा रहा था। बुधवार को बच्चे ने खुद स्कूल जाने की जिद की, जिसके बाद परिजन उसे स्कूल भेजने के लिए मान गए। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसका आखिरी दिन साबित होगा।

क्लास में पढ़ाई के दौरान अचानक छात्र की हालत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर गया। बच्चों के शोर मचाने पर पूरा स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा। आनन-फानन में माता-पिता को बुलाया गया और बच्चे को पहले मुखानी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे एसटीएच रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने सिटी मजिस्ट्रेट से पोस्टमार्टम न कराने की मांग की, जिस पर प्रशासन ने अनुमति दे दी। अस्पताल में मां बेटे के शव से लिपटकर बिलखती रही, जिसने वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर दीं.

यह हृदयविदारक घटना पूरे क्षेत्र को झकझोर गई है और स्कूलों में बच्चों की स्वास्थ्य निगरानी को लेकर भी कई सवाल खड़े कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button