केदारनाथ हेली सेवा के लिए जबरदस्त क्रेज, पोर्टल खुलने के एक घंटे में 15 जून तक सभी टिकट फुल

हरादून: चारधाम यात्रा 2026 में केदारनाथ हेली सेवा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बुधवार शाम IRCTC ने जैसे ही शाम 6 बजे ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल खोला, महज एक घंटे के भीतर 15 जून तक की सभी टिकटें फुल हो गईं।
अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून 2026 तक की यात्रा के लिए टिकट बुकिंग शुरू की गई थी। इस दौरान 31,607 यात्रियों ने हेली टिकट बुक कराए, जो केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा की भारी मांग को दिखाता है।
शुरुआती समय में पोर्टल पर भारी ट्रैफिक के चलते कुछ तकनीकी दिक्कतें भी सामने आईं, लेकिन सिस्टम सामान्य होते ही बुकिंग की रफ्तार इतनी तेज रही कि सभी स्लॉट जल्दी भर गए।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि पहले चरण की सभी टिकटें बुक हो चुकी हैं। अब 15 जून के बाद की यात्रा के लिए अगली बुकिंग तिथि जून के पहले सप्ताह में घोषित की जाएगी।
इस बार केदारनाथ के लिए गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से हेली सेवाएं संचालित की जाएंगी। अलग-अलग एविएशन कंपनियों को शटल सेवा की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके।



