चारधाम यात्रा 2026: ऋषिकेश में पंजीकरण शुरू, सीएम धामी आज यात्रियों के वाहनों को दिखाएंगे हरी झंडी

ऋषिकेश/देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों के बीच ऋषिकेश में तीर्थयात्रियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। ट्रांजिट कैंप में सुबह 6 बजे से रजिस्ट्रेशन काउंटर खोल दिए गए, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
पंजीकरण के लिए कुल 30 काउंटर स्थापित किए गए हैं, जिनमें 24 ट्रांजिट कैंप और 6 आईएसबीटी पर संचालित हो रहे हैं। पहले दिन ही देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया, जिसमें नेपाल से आए यात्रियों का दल सबसे पहले शामिल रहा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा की औपचारिक शुरुआत करेंगे। प्रशासन ने उनके दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन और यात्रा प्रबंधन से जुड़े सभी विभाग सक्रिय हैं। ट्रांसपोर्ट, सफाई व्यवस्था और यात्री सुविधाओं को लेकर अधिकारियों ने बैठक कर जरूरी निर्देश भी जारी किए हैं।
गौरतलब है कि चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है, जिसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण अनिवार्य किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की संख्या को नियंत्रित कर यात्रा को सुरक्षित बनाया जा सके।


