गंगोत्री धाम: मां गंगा की डोली आज रवाना, 19 अप्रैल को खुलेंगे कपाट
उत्तरकाशी/देहरादून: चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत से पहले गंगोत्री धाम को लेकर धार्मिक उत्साह चरम पर है। मां गंगा की भोगमूर्ति की डोली शनिवार को अभिजीत मुहूर्त में अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा से गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी।
डोली यात्रा पारंपरिक तरीके से निकाली जाएगी, जिसमें सेना के बैंड और ढोल-दमाऊं की अगुवाई रहेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहेंगे, जो मां गंगा की डोली के साथ गंगोत्री तक यात्रा करेंगे।
धार्मिक परंपरा के अनुसार, डोली यात्रा विभिन्न पड़ावों से होकर गुजरती है और अगले दिन गंगोत्री धाम पहुंचेगी। इसके बाद 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
चारधाम यात्रा के आगाज को लेकर प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि यात्रा सुगम और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।


