
देहरादून: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा जारी नए भर्ती कैलेंडर से प्रदेश के युवाओं में भारी निराशा देखने को मिल रही है।
जारी कैलेंडर में कुल 22 भर्तियों का जिक्र किया गया है, लेकिन इनमें से 16 परीक्षाएं केवल प्रवक्ता (लेक्चरर) पदों के लिए निर्धारित की गई हैं। इससे अन्य प्रमुख भर्तियों का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ गया है।
युवाओं का कहना है कि पीसीएस, लोअर पीसीएस, समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी, एई और जेई जैसी महत्वपूर्ण भर्तियों का कैलेंडर में कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है, जबकि इन्हीं पदों का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था।
आयोग ने यह परीक्षा कार्यक्रम 21 अप्रैल से 6 दिसंबर तक के लिए तय किया है, जिसमें ज्यादातर तिथियां प्रवक्ता भर्ती परीक्षाओं के लिए निर्धारित हैं।
हालांकि कुछ अन्य परीक्षाओं की सीमित तिथियां भी तय की गई हैं, लेकिन अधिकांश महत्वपूर्ण भर्तियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से अभ्यर्थियों में चिंता बनी हुई है।


