उत्तराखंड
काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास को मंजूरी: 18 करोड़ से अधिक की परियोजना से जाम से मिलेगी राहत

नैनीताल/हल्द्वानी: कुमाऊं क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की खबर है। काठगोदाम से अमृतपुर तक बनने वाले बहुप्रतीक्षित बाईपास मोटर मार्ग को मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के लिए करीब 18.22 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।
यह बाईपास काठगोदाम से दानीजाला और सिमलखेत होते हुए एचएमटी अमृतपुर तक बनाया जाएगा। खासतौर पर रानीबाग और गुलाब घाटी क्षेत्र में लगने वाले भीषण जाम से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को काफी राहत मिलेगी।
परियोजना को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में पहाड़ कटान, दूसरे चरण में सड़क निर्माण और तीसरे चरण में पुल निर्माण का कार्य शामिल है। सभी चरणों के लिए बजट स्वीकृत किया जा चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।


