देहरादून में रक्षा अनुसंधान स्कूल में बदलाव पर हंगामा, छात्रों और अभिभावकों का विरोध

देहरादून के सुंदरवाला विज्ञान विहार स्थित रक्षा अनुसंधान विद्यालय में किए गए अचानक बदलाव को लेकर छात्रों और अभिभावकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। स्कूल प्रबंधन में बदलाव और संस्थान को डीएवी पब्लिक स्कूल में मर्ज किए जाने के फैसले के खिलाफ लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, बिना पूर्व सूचना के स्कूल का प्रबंधन बदल दिया गया, जिससे अभिभावक असमंजस में पड़ गए। नए सत्र के लिए पहले ही किताबें और यूनिफॉर्म खरीद चुके अभिभावकों को अब बदलाव के चलते अतिरिक्त आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही फीस संरचना में भी बदलाव किए जाने की बात सामने आई है, जिससे अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है। विरोध के दौरान छात्रों ने स्कूल गेट पर लगे डीएवी पब्लिक स्कूल के पोस्टर और बैनर भी फाड़ दिए।
अभिभावकों का कहना है कि इतने बड़े फैसले से पहले उन्हें विश्वास में नहीं लिया गया, जबकि यह सीधे तौर पर बच्चों की पढ़ाई और भविष्य से जुड़ा मामला है।



