केदारनाथ धाम में सरकारी संपत्ति को नुकसान, अराजक तत्वों पर मुकदमा दर्ज

रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ धाम में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, धाम क्षेत्र में यात्रा व्यवस्थाओं के बीच कुछ अराजक तत्वों ने सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचाया। सुलभ इंटरनेशनल के सुपरवाइजर की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
तहरीर में बताया गया है कि केदारनाथ सेक्टर, हेलीपैड और घोड़ा पड़ाव क्षेत्र में बने सार्वजनिक शौचालयों में तोड़फोड़ की गई। हाट बाजार, पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पीछे, पंजाब सिंध भवन के पास और बेस कैंप क्षेत्र में कई दरवाजों को क्षतिग्रस्त किया गया। इसके अलावा नलों और सिस्टन को भी नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि केदारनाथ यात्रा की गरिमा और जन-सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की गई है।



