देहरादून: ‘Android God Mode’ मैलवेयर को लेकर अलर्ट, गृह मंत्रालय ने जारी की चेतावनी

देहरादून सहित पूरे देश में एंड्रॉयड मोबाइल यूजर्स के लिए बड़ा साइबर खतरा सामने आया है। गृह मंत्रालय ने ‘Android God Mode’ नाम के खतरनाक मैलवेयर को लेकर अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
जारी चेतावनी के अनुसार, यह मैलवेयर यूजर्स के फोन में घुसकर डिवाइस का पूरा कंट्रोल अपने हाथ में ले सकता है। खास बात यह है कि यह बिना किसी जानकारी के बैकग्राउंड में काम करता है और यूजर को इसकी भनक तक नहीं लगती।
बताया गया है कि यह वायरस फर्जी ऐप, लिंक या APK फाइल के जरिए फोन में प्रवेश करता है। इंस्टॉल होने के बाद यह ‘Accessibility Permission’ का गलत इस्तेमाल कर फोन की स्क्रीन, मैसेज, OTP और बैंकिंग डिटेल्स तक पहुंच बना लेता है।
साइबर एजेंसियों के अनुसार, हैकर्स इस मैलवेयर के जरिए यूजर्स की निजी जानकारी चुरा सकते हैं और बैंक खातों से धोखाधड़ी कर सकते हैं। यह मैलवेयर नकली बैंकिंग या सरकारी ऐप बनकर भी लोगों को भ्रमित करता है।
कैसे रहें सुरक्षित:
- केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म जैसे गूगल प्ले स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें
- अनजान लिंक या APK फाइल पर क्लिक करने से बचें
- किसी भी संदिग्ध ऐप को ‘Accessibility Permission’ न दें
- फोन में अनजान ऐप दिखे तो तुरंत हटाएं
गृह मंत्रालय ने कहा है कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।



