उत्तराखंड
उत्तराखंड: समाज कल्याण विभाग में दोहरी पेंशन घोटाले की जांच पूरी, जल्द सौंपी जाएगी रिपोर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में समाज कल्याण विभाग से जुड़े दोहरी पेंशन मामले की जांच पूरी हो चुकी है। अब जांच रिपोर्ट 26 अप्रैल को शासन को सौंपी जा सकती है।
जानकारी के अनुसार, इस मामले की जांच समाज कल्याण निदेशक को सौंपी गई थी और अब जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, जिसमें दोषियों से वसूली भी शामिल हो सकती है।
कैग (CAG) की जांच में सामने आया था कि समाज कल्याण विभाग के 1377 लोग दोहरी पेंशन का लाभ ले रहे थे। सत्यापन के बाद 977 मामलों की पुष्टि हुई है। इन लाभार्थियों में उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों के सेवानिवृत्त कर्मचारी भी शामिल बताए गए हैं।
विभाग ने सभी संदिग्ध लाभार्थियों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया था, जिसके तहत 369 लोगों ने शपथपत्र जमा किया।



