उत्तराखंड

चमोली में गुलदार का हमला: मंच तैयार कर रहे युवक पर झपट्टा, डंडे से वार कर बचाई जान

Listen to this News

देहरादून/चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में एक युवक पर गुलदार (तेंदुआ) ने अचानक हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब युवक गांव में धार्मिक कार्यक्रम के लिए मंच तैयार कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, पोखरी तहसील के रौता गांव में 26 अप्रैल से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होना है। इसके लिए गांव के युवक मंच और पंडाल तैयार कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से निकलकर गुलदार ने 29 वर्षीय मोहित सिंह पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

हमले के दौरान युवक ने साहस दिखाते हुए अपने पास मौजूद डंडे से गुलदार पर वार किया। वहीं अन्य साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार मौके से भाग गया। हालांकि हमले में युवक के हाथ, पैर, पीठ और पेट पर गहरे जख्म आए हैं।

घायल युवक को ग्रामीणों ने तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है और जल्द पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर ग्रामीणों, खासकर बच्चों और महिलाओं को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button