झारखंड: टोंटो जंगल में माओवादियों से मुठभेड़, एक करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा की तलाश में ऑपरेशन तेज

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। यह कार्रवाई कुख्यात माओवादी कमांडर मिसिर बेसरा की तलाश में चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई।
जानकारी के अनुसार, कोबरा 209 बटालियन और अन्य सुरक्षा बलों ने गुप्त सूचना के आधार पर रूटुगुटू के जंगलों में अभियान शुरू किया था। इसी दौरान माओवादियों के एक दस्ते से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, सुबह से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है और पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। अतिरिक्त बलों की तैनाती कर क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
बताया जा रहा है कि इस इलाके में एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी नेता मिसिर बेसरा के सक्रिय होने की सूचना थी, जिसके बाद यह बड़ा ऑपरेशन शुरू किया गया।
फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षाबल लगातार जंगलों में कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे हैं ताकि माओवादियों को घेरा जा सके।



