अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बड़ा सैन्य कदम: ‘डार्क ईगल’ हाइपरसोनिक मिसाइल तैनात करने पर विचार

वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका अब अपनी अत्याधुनिक ‘डार्क ईगल’ हाइपरसोनिक मिसाइल तैनात करने पर विचार कर रहा है। यह कदम पश्चिम एशिया में बदलते सुरक्षा हालात और बढ़ती सैन्य गतिविधियों के बीच बेहद अहम माना जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इस मिसाइल को मध्य-पूर्व में तैनात करने के लिए पेंटागन से अनुमति मांगी है, ताकि जरूरत पड़ने पर ईरान के अंदर गहरे स्थित लक्ष्यों पर सटीक हमले किए जा सकें।
‘डार्क ईगल’ अमेरिका की लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइल प्रणाली है, जो मैक 5 से अधिक गति से उड़ान भर सकती है और पारंपरिक मिसाइल रक्षा प्रणाली से बचने में सक्षम मानी जाती है।
यदि इस तैनाती को मंजूरी मिलती है, तो यह पहली बार होगा जब अमेरिका अपने हाइपरसोनिक हथियार का वास्तविक ऑपरेशनल इस्तेमाल करेगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका इस मिसाइल का उपयोग विशेष रूप से उन ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चरों को निशाना बनाने के लिए करना चाहता है, जिन्हें अब पारंपरिक हथियारों की पहुंच से बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम क्षेत्र में हथियारों की होड़ को और तेज कर सकता है, क्योंकि ईरान भी अपने उन्नत मिसाइल कार्यक्रम और नई तकनीकों का लगातार प्रदर्शन कर रहा है।



