उत्तराखंड
देहरादून: मसूरी मार्ग पर बड़ा हादसा, ट्रक 100 मीटर गहरी खाई में गिरा; चालक की मौत, हेल्पर घायल

देहरादून-मसूरी मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मसूरी झील के पास देहरादून की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
इस दुर्घटना में ट्रक चालक मुबारिक (36) निवासी टिमली, सहसपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेल्पर साजिद (30) गंभीर रूप से घायल हो गया।
रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को खाई से बाहर निकाला। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि चालक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन के अनियंत्रित होने को बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।



