टिहरी झील में फ्लोटिंग हट्स का संचालन बंद, जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित

उत्तराखंड के टिहरी झील क्षेत्र में संचालित फ्लोटिंग हट्स के संचालन पर जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह निर्णय सुरक्षा कारणों को देखते हुए लिया गया है।
शनिवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के दौरान फ्लोटिंग हट्स के एक्सल ज्वाइंट खुल गए, जिससे हट्स अस्थिर होकर तिरछे हो गए। उस समय इनमें ठहरे करीब 30 पर्यटक दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एसडीएम की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय जांच समिति बनाई है। यह समिति चार दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके बाद आगे संचालन पर निर्णय लिया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फ्लोटिंग हट्स के संचालन के लिए स्पष्ट मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अभाव है। साथ ही तकनीकी खामियों और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने तक फ्लोटिंग हट्स का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। साथ ही झील क्षेत्र में सभी गतिविधियों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।



