कानपुर: लैंबॉर्गिनी हादसे में तंबाकू कारोबारी के बेटे पर केस, तेज रफ्तार ने मचाया कहर

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में हाई-प्रोफाइल लैंबॉर्गिनी हादसे में तंबाकू कारोबारी के बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि लग्जरी कार तेज रफ्तार में नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़े लोगों व वाहनों को टक्कर मार दी।
घटना वीआईपी रोड स्थित ग्वालटोली क्षेत्र में हुई, जहां बेकाबू कार ने कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और कम से कम छह लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, कार कथित रूप से तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा चला रहे थे। हादसे के बाद वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
मामले में पहले अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन बाद में जांच के दौरान आरोपी की पहचान होने पर उसका नाम जोड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी किया था, हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई। इस घटना ने शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।



