उत्तराखंड

अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: जागर कार्यक्रम से लौट रही कार खाई में गिरी, तीन लोगों की मौत

Listen to this News

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा भतरोंजखान थाना क्षेत्र में रापड़ मोड़ से सोनी रानीखेत जाने वाले मार्ग पर हुआ, जहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब चार बजे डायल 112 पर सड़क किनारे वाहन की नंबर प्लेट मिलने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ, 108 सेवा, आपदा कंट्रोल और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। तलाशी के दौरान कार गहरी खाई में मिली।

रेस्क्यू के दौरान कार सवार तीनों लोगों को मृत पाया गया। मृतकों में भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी, तहसील रानीखेत और कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल, तहसील रानीखेत की पहचान हुई है। तीसरे मृतक की पहचान करने का प्रयास जारी है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग जागरी का कार्य करते थे और मंगलवार रात ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस ने शवों को रानीखेत मोर्चरी भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button