उत्तराखंड पहुंचीं कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, केरल चुनाव नतीजों पर कही बड़ी बात

कांग्रेस की उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी Kumari Selja बुधवार को पांच दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचीं। ऋषिकेश पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और यूडीएफ की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि पार्टी वहां सरकार बनाकर लोगों के लिए बेहतर काम करके दिखाएगी।
कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस ने केरल में बहुमत हासिल किया है और अब जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेगी। उन्होंने तमिलनाडु की राजनीतिक स्थिति पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस वहां नए नेतृत्व को समर्थन दे रही है और जल्द ही जरूरी बहुमत हासिल होने की उम्मीद है।
अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान शैलजा पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगी और संगठन को मजबूत करने के लिए रणनीति पर चर्चा करेंगी। वह केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में दर्शन भी करेंगी।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन को सक्रिय करने में जुटी है। दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Ganesh Godiyal, पूर्व मुख्यमंत्री Harish Rawat समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।



