अंतरराष्ट्रीय

लग्जरी क्रूज शिप पर हंटावायरस का प्रकोप, तीन की मौत; जहाज पर दो भारतीय क्रू सदस्य भी मौजूद

Listen to this News

अटलांटिक महासागर में चल रहे लग्जरी क्रूज शिप MV Hondius पर हंटावायरस संक्रमण के मामलों ने अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। अब तक इस जहाज पर तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य संक्रमित या संदिग्ध मरीजों की निगरानी की जा रही है। जहाज पर दो भारतीय क्रू सदस्य भी मौजूद बताए गए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जहाज पर कुल पांच से अधिक हंटावायरस मामलों की पुष्टि या आशंका जताई गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और विभिन्न देशों की स्वास्थ्य एजेंसियां मिलकर संपर्क ट्रेसिंग और संक्रमण नियंत्रण की प्रक्रिया चला रही हैं।

बताया जा रहा है कि MV Hondius ने 1 अप्रैल को अर्जेंटीना के उशुआइया से यात्रा शुरू की थी। यात्रा के दौरान कुछ यात्रियों में बुखार और गंभीर श्वसन संबंधी लक्षण दिखाई दिए। बाद में कई मामलों में Andes strain hantavirus की आशंका जताई गई, जो दुर्लभ रूप से इंसानों के बीच भी फैल सकता है।

क्रूज शिप फिलहाल यूरोप की ओर बढ़ रहा है, जहां यात्रियों और क्रू मेंबर्स की मेडिकल जांच और क्वारंटीन प्रक्रिया की तैयारी की जा रही है। कुछ गंभीर मरीजों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया है।

विशेषज्ञों के अनुसार, हंटावायरस आमतौर पर संक्रमित चूहों या उनके मल-मूत्र के संपर्क से फैलता है। हालांकि Andes strain ऐसा दुर्लभ प्रकार है जिसमें सीमित मानव-से-मानव संक्रमण की संभावना भी पाई गई है। फिलहाल WHO ने आम जनता के लिए जोखिम को कम बताया है, लेकिन एहतियात के तौर पर वैश्विक निगरानी बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button