इंदौर में बड़ा हादसा: वेल्डिंग की चिंगारी से पांच बसों में लगी भीषण आग, सिलेंडर धमाकों से मची दहशत

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के नवलखा स्थित तीन इमली इलाके में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बस पार्किंग में वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पांच बसों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद इलाके में कई धमाके भी हुए, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पार्किंग में खड़ी एक बस में मरम्मत और वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी से बस में आग लग गई। आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास खड़ी अन्य बसें भी जलने लगीं। हादसे के समय पार्किंग में 20 से अधिक बसें मौजूद थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के दौरान सिलेंडर फटने जैसी तेज आवाजें सुनाई दीं। कई लोगों ने चार बड़े धमाके सुनने की बात कही। हालांकि प्रशासन ने अभी तक धमाकों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन पांचों बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और क्षेत्रीय पार्षद ने रिहायशी इलाके में निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत कार्य पर सवाल उठाए। लोगों ने प्रशासन से ऐसी पार्किंग को हटाने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया। पुलिस फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।



