मसूरी सीट पर बढ़ी भाजपा की चुनौती, दिनेश अग्रवाल ने भी ठोकी दावेदारी

देहरादून: उत्तराखंड की मसूरी विधानसभा सीट पर आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। भाजपा के लिए इस सीट पर उम्मीदवार तय करना आसान नहीं होगा, क्योंकि मौजूदा विधायक और मंत्री गणेश जोशी के अलावा अब पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल ने भी चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं।
करीब 55 वर्षों तक कांग्रेस से जुड़े रहे दिनेश अग्रवाल हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा उनके लिए नई नहीं है, क्योंकि वहां उनका घर भी रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व पर निर्भर करेगा।
दिनेश अग्रवाल ने कांग्रेस छोड़ने के पीछे परिवारवाद और नेताओं के बीच सम्मान की कमी को प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचना मुश्किल हो गया था, जबकि भाजपा में उन्हें सम्मान और कार्य करने का अवसर मिला।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली की भी सराहना की और कहा कि धामी में जबरदस्त ऊर्जा और कार्यक्षमता है। अग्रवाल ने कहा कि भाजपा उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, वह उसे निभाने के लिए तैयार हैं।



