वर्षवार भर्ती की मांग पर उग्र हुआ आंदोलन, पानी की टंकी पर चढ़े नर्सिंग बेरोजगार

देहरादून: वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर नर्सिंग एकता मंच का आंदोलन अब उग्र रूप लेता जा रहा है। सोमवार सुबह देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर नर्सिंग बेरोजगारों ने जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलनकारी अपनी मांगों को लेकर पूरी रात टंकी पर डटे रहे और शासनादेश जारी होने तक पीछे हटने से इनकार कर दिया।
नर्सिंग एकता मंच पिछले पांच महीनों से आईपीएचएस मानकों के अनुसार वर्षवार भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहा है। आंदोलन को प्रदेशभर के करीब दो हजार नर्सिंग बेरोजगारों का समर्थन मिल रहा है। वहीं कई प्रदर्शनकारी पिछले 23 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं, जिनमें से कई की तबीयत भी बिगड़ चुकी है।
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब पांच बजे आंदोलनकारी एकता विहार धरना स्थल से निकलकर परेड ग्राउंड पहुंचे और पानी की टंकी पर चढ़ गए। पुलिस और प्रशासन ने उन्हें नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के साथ कई दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही।
आंदोलन को कांग्रेस नेताओं और स्वाभिमान मोर्चा का भी समर्थन मिला। कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर जल्द समाधान का आश्वासन मिलने की बात कही, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने केवल लिखित शासनादेश जारी होने पर ही आंदोलन समाप्त करने की बात दोहराई।
प्रदर्शन के दौरान तेज बारिश के बावजूद आंदोलनकारी टंकी और धरना स्थल पर डटे रहे। देर रात पुलिस द्वारा जबरन उतारने की कोशिश पर प्रदर्शनकारियों ने कूदने और आत्मदाह की चेतावनी भी दी, जिसके बाद पुलिस को पीछे हटना पड़ा।



