मध्य प्रदेश के देवास में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 3 की मौत, कई घायल

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में गुरुवार को एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। टोंक कलां क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में हुए धमाके के बाद आग लग गई, जिसमें अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री के टीन शेड और मलबा दूर सड़क तक जा पहुंचा। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे कुछ लोगों को इंदौर रेफर किया गया है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्टों में फैक्ट्री के अवैध रूप से संचालित होने की आशंका भी जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।



