उत्तराखंड कैबिनेट का बड़ा फैसला: अब होमस्टे का संचालन समूह के रूप में भी संभव, नई नियमावली को मंजूरी

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राज्य में ग्रामीण पर्यटन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में होमस्टे से जुड़े नियमों में अहम बदलाव को मंजूरी दी गई है।
नई नियमावली के तहत अब होमस्टे का संचालन व्यक्तिगत स्तर के साथ-साथ समूह (ग्रुप मॉडल) के रूप में भी किया जा सकेगा। यानी एक ही क्षेत्र या गांव के कई लोग मिलकर सामूहिक रूप से होमस्टे का संचालन कर सकेंगे।
सरकार का मानना है कि इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही, इससे पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं और स्थानीय संस्कृति का अधिक व्यापक अनुभव मिल सकेगा।
इसके अलावा नियमों में पारदर्शिता और संचालन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कई प्रावधान किए गए हैं, ताकि होमस्टे सेक्टर को व्यवस्थित और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।



