पीरागढ़ी हत्याकांड का खुलासा: 60 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड की हत्या मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में 60 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड विजेंद्र की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर मामले को सुलझाने का दावा किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए वाहन की नंबर प्लेट और फास्टैग हटा दिया था। शुरुआती तौर पर इस घटना को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच के बाद मामला हत्या का निकला।
जानकारी के अनुसार, विजेंद्र पीरागढ़ी गांव में श्री सिद्ध बाबा मंदिर के पास टेंपो स्टैंड पर चौकीदार के रूप में काम करते थे। घटना वाली रात चार युवक वाहन में वहां पहुंचे थे। आरोप है कि पहले विजेंद्र पर डंडे से हमला किया गया और जब वह बचने के लिए भागे तो आरोपियों ने उन्हें गाड़ी से कई बार कुचल दिया।
दिल दहला देने वाली यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन और चक्का जाम की चेतावनी भी दी थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तकनीकी और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले की आगे की जांच जारी है।



