उत्तराखंड
अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक से टकराई स्कूटी, दो युवक घायल, एक की हालत गंभीर

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लोअर माल रोड स्थित कैंपस गेट के पास एक स्कूटी ट्रक से टकरा गई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत बेस अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह स्कूटी का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है।



