लखनऊ में शांतिपूर्ण ढंग से अदा हुई बकरीद की नमाज, ऐशबाग ईदगाह और टीलेवाली मस्जिद में उमड़ी भारी भीड़

राजधानी लखनऊ में बकरीद का त्योहार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। गुरुवार सुबह ऐशबाग ईदगाह, टीलेवाली मस्जिद, आसिफी मस्जिद और शहर की अन्य प्रमुख मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजियों ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी।
ऐशबाग ईदगाह और टीलेवाली मस्जिद में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल, पीएसी और आरएएफ की तैनाती की गई थी, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी गई।
इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने लोगों से अपील की कि नमाज निर्धारित स्थानों पर ही अदा करें और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने साफ-सफाई बनाए रखने और कुर्बानी के दौरान नियमों का ध्यान रखने की भी अपील की।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि पूरे शहर को कई जोन और सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। अधिकारियों के अनुसार, कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।



