कनाडा में भारतीय छात्रा की हत्या, लूट का विरोध करने पर चाकू मारकर उतारा मौत के घाट

कनाडा से भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंताजनक खबर सामने आई है। गुजरात के आनंद जिले की रहने वाली 22 वर्षीय भारतीय छात्रा विधि कल्पेशकुमार मेघा की कनाडा में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात लूटपाट के प्रयास के दौरान हुई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विधि मेघा पिछले चार वर्षों से कनाडा में रहकर पढ़ाई कर रही थीं और नियाग्रा यूनिवर्सिटी में अध्ययन के साथ वर्क परमिट की तैयारी भी कर रही थीं। बताया जा रहा है कि 15 मई को घर से निकलने के दौरान एक आरोपी ने लूट के इरादे से उन पर हमला कर दिया। हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कनाडाई पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
इस घटना के बाद भारत और कनाडा में रह रहे भारतीय समुदाय के बीच चिंता बढ़ गई है। विदेशों में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। परिवार और समुदाय के लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।



