उत्तराखंड मौसम अलर्ट: चारधाम यात्रा पर जाने से पहले रहें सतर्क, 12 और 13 मई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें और पूरी सावधानी के साथ अपना कार्यक्रम बनाएं। प्रशासन ने कहा है कि यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा करें।
मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना है। कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है, जिससे यात्रा मार्ग प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। राज्य सरकार ने कहा है कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।



