यूपी में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा झटका, जून से बिल में लगेगा 10% अतिरिक्त सरचार्ज

उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को जून महीने से बड़ा झटका लगने वाला है। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने बिजली बिलों पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त सरचार्ज लगाने का फैसला किया है। यह अतिरिक्त शुल्क फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज (FPPAS) के तहत वसूला जाएगा, जिससे लाखों उपभोक्ताओं के बिजली बिल बढ़ जाएंगे।
बिजली विभाग के अनुसार, मार्च 2026 के दौरान ईंधन और बिजली खरीद लागत में हुई बढ़ोतरी की भरपाई के लिए यह सरचार्ज जून के बिलों में जोड़ा जाएगा। यूपी विद्युत नियामक आयोग (UPERC) की मल्टी ईयर टैरिफ (MYT) नियमावली 2025 के तहत यह व्यवस्था लागू की जा रही है।
UPPCL ने सभी बिजली वितरण कंपनियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अतिरिक्त शुल्क सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं पर समान रूप से लागू किया जाए। विभाग का कहना है कि ईंधन की बढ़ती कीमतों और बिजली उत्पादन लागत में इजाफे के कारण यह कदम उठाना आवश्यक हो गया है।
इस फैसले के बाद घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। खासकर भीषण गर्मी के मौसम में बढ़ी हुई बिजली खपत के चलते लोगों के बिल पहले ही अधिक आ रहे हैं, ऐसे में 10 प्रतिशत सरचार्ज ने उपभोक्ताओं की चिंता और बढ़ा दी है।
उपभोक्ता संगठनों ने इस निर्णय पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जब कई क्षेत्रों में बिजली कटौती और आपूर्ति संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं, तब अतिरिक्त शुल्क लगाना आम जनता पर दोहरी मार के समान है।



