उत्तराखंड

सीएम हेल्पलाइन रिपोर्ट: पहली बार टॉप-10 शिकायतों में शामिल हुई LPG सिलेंडर रिफिल की समस्या, निस्तारण में रुद्रप्रयाग सबसे आगे

Listen to this News

देहरादून। उत्तराखंड सरकार की सीएम हेल्पलाइन 1905 की ताजा समीक्षा रिपोर्ट में पहली बार रसोई गैस (LPG) सिलेंडर रिफिल में देरी और आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें प्रदेश की शीर्ष-10 प्रमुख समस्याओं में शामिल हुई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से संबंधित इन शिकायतों के निस्तारण का प्रतिशत करीब 69.3 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

मुख्यमंत्री की समीक्षा में सामने आया कि पिछले दो वर्षों के दौरान एलपीजी रिफिल से जुड़ी शिकायतें कभी भी शीर्ष शिकायतों में शामिल नहीं थीं, लेकिन इस बार इनकी संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इसके अलावा बिजली कटौती, पानी की आपूर्ति, बिजली बिल संशोधन और राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें भी बड़ी संख्या में प्राप्त हुई हैं।

जिलावार प्रदर्शन की बात करें तो रुद्रप्रयाग ने शिकायतों के निस्तारण में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। इसके बाद टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर शिकायतों के समाधान के मामले में सबसे पीछे रहे।

रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025-26 में सीएम हेल्पलाइन पर कुल 2.23 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज हुईं, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में अधिक हैं। हालांकि, शिकायतों की संख्या बढ़ने के बावजूद कई विभागों में उनके निस्तारण का औसत समय कम हुआ है। उदाहरण के लिए, राजस्व विभाग में पहले जिन मामलों के समाधान में औसतन 90 दिन लगते थे, अब उनका निस्तारण लगभग 54 दिनों में किया जा रहा है।

राज्य सरकार का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की लगातार निगरानी की जा रही है और विभागों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नागरिकों को बेहतर और प्रभावी सेवाएं मिल सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button