उत्तराखंड

नंदा गौरा योजना के तहत 4,098 बालिकाओं को ₹19.23 करोड़ की सहायता, मंत्री रेखा आर्या ने किया डीबीटी हस्तांतरण

Listen to this News

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने नंदा गौरा योजना के तहत हरिद्वार और उत्तरकाशी जिले की 4,098 पात्र बालिकाओं के बैंक खातों में ₹19.23 करोड़ की वित्तीय सहायता सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से जारी की। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय से इस राशि का हस्तांतरण किया।

मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि इन लाभार्थियों के आवेदन जिला स्तरीय समिति की स्वीकृति प्रक्रिया पूरी न होने के कारण पहले लंबित रह गए थे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी पात्र बालिकाओं को योजना का लाभ दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि राज्य की कोई भी पात्र बेटी इस योजना से वंचित न रहे।

जारी की गई राशि में 417 नवजात बालिकाएं और 3,681 ऐसी छात्राएं शामिल हैं जिन्होंने इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने के बाद स्नातक स्तर पर प्रवेश लिया है। योजना का उद्देश्य बालिका जन्म को प्रोत्साहन देना, उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना तथा बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना है।

मंत्री ने बताया कि वर्ष 2017-18 से 2025-26 तक नंदा गौरा योजना के माध्यम से राज्य की 4.11 लाख से अधिक बालिकाओं को लगभग ₹1,314 करोड़ की सहायता प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समानता को बढ़ावा देने के लिए इस योजना को प्रभावी ढंग से संचालित कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button