उत्तराखंड

चार जुलाई को सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बनेंगे धामी, प्रदेशभर में मनाया जाएगा सेवा सप्ताह

Listen to this News

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चार जुलाई को राज्य के सबसे लंबे समय तक लगातार मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। इस दिन उनका कार्यकाल पूर्व मुख्यमंत्री एन.डी. तिवारी के 1,831 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देगा। इस अवसर पर राज्य सरकार 4 से 10 जुलाई तक पूरे प्रदेश में ‘सेवा सप्ताह’ का आयोजन करेगी।

मुख्य सचिव की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार सेवा सप्ताह के दौरान प्रत्येक दिन अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें रोजगार एवं स्वरोजगार, कौशल विकास, आधारभूत संरचना, उद्योग, कृषि, महिला एवं युवा कल्याण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम शामिल होंगे। जिलों में चिकित्सा शिविर, दिव्यांगजन सहायता शिविर, खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे।

प्रदेश सरकार के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी भी इस अवसर को विशेष रूप से मनाने की तैयारी कर रही है। पार्टी संगठन की ओर से पूरे राज्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

गौरतलब है कि पुष्कर सिंह धामी ने 4 जुलाई 2021 को पहली बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद भी उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री बनाया गया और तब से वह लगातार इस पद पर कार्यरत हैं। चार जुलाई 2026 को उनका कार्यकाल पांच वर्ष और पांच दिन का हो जाएगा, जो राज्य के इतिहास में किसी भी मुख्यमंत्री का सबसे लंबा लगातार कार्यकाल होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button