एसआईआर अभियान: जिन मतदाताओं ने प्रपत्र जमा नहीं किए, उनका होगा दोबारा सत्यापन

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र अभी तक जमा नहीं हुए हैं, उनका दोबारा सत्यापन कराया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एसआईआर प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। साथ ही जिन मतदाताओं को ‘अनकलेक्टेबल’ श्रेणी में चिह्नित किया गया है, उनका एक बार फिर से घर-घर जाकर सत्यापन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 99 प्रतिशत से अधिक गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 92 प्रतिशत से अधिक प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। अल्मोड़ा और चंपावत जिले इस कार्य को शत-प्रतिशत पूरा करने वाले पहले जिले बन गए हैं, जबकि अन्य जिलों में भी कार्य तेजी से जारी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिन जिलों में डिजिटाइजेशन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, उन्हें मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को एएसडी सूची की बूथवार समीक्षा करने को भी कहा गया है।



