हरिद्वार पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, बोले- राम मंदिर चढ़ावा हेराफेरी के दोषी किसी भी कीमत पर नहीं बख्शे जाएंगे

हरिद्वार। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा स्नान कर मां गंगा की पूजा-अर्चना की और एक पारिवारिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर में कथित चढ़ावा हेराफेरी मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस प्रकरण में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
चिराग पासवान ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार बेहद निंदनीय और शर्मनाक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में चाहे कोई छोटा कर्मचारी हो या बड़ा अधिकारी अथवा पदाधिकारी, यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और एक मिसाल कायम की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष से भी इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास मामले से जुड़े तथ्य, दस्तावेज या अन्य साक्ष्य हैं तो उन्हें जांच एजेंसी या विशेष जांच दल (SIT) के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो सके।



