विकासनगर: लखवाड़ बांध परियोजना निर्माण स्थल पर अचानक गिरा भारी मलबा, डंपर और जेसीबी क्षतिग्रस्त

देहरादून/विकासनगर। देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन लखवाड़ बांध परियोजना में सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। परियोजना स्थल पर अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें गिरने से वहां अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कार्यस्थल पर खड़े डंपर और जेसीबी मशीन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि समय रहते कर्मचारी सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए, जिससे जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक पहाड़ी का हिस्सा दरक गया और भारी मात्रा में मलबा निर्माण स्थल पर आ गिरा। घटना के समय मशीनें कार्य में लगी थीं। मलबा गिरते ही कर्मचारियों ने तुरंत मौके से हटकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद कुछ समय के लिए निर्माण कार्य रोक दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही परियोजना से जुड़े अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त मशीनों का निरीक्षण किया गया और मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।
लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन ने पहले ही संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरतने और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश जारी किए हैं।



