उत्तराखंड

टिहरी: हायर सेंटर रेफर गर्भवती ने रास्ते में दिया बच्चे को जन्म, लोगों में आक्रोश

Listen to this News

टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले के थत्यूड़ क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थत्यूड़ से हायर सेंटर रेफर की गई एक गर्भवती महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में बच्चे को जन्म दे दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और विशेषज्ञ महिला चिकित्सक की तैनाती की मांग तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, डुंडा गांव निवासी कुसुम प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी थत्यूड़ पहुंची थीं। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल से लगभग आठ किलोमीटर की दूरी पर ही महिला ने रास्ते में बच्चे को जन्म दे दिया। इसके बाद जच्चा-बच्चा को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां नवजात की हालत नाजुक होने के कारण उसे हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट रेफर किया गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना है कि क्षेत्र में विशेषज्ञ महिला चिकित्सक की कमी के कारण मरीजों को बार-बार हायर सेंटर भेजना पड़ता है, जिससे ऐसी गंभीर परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं।

धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए एसीएमओ से दो दिन के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी है। वहीं, सीएचसी थत्यूड़ की चिकित्सा प्रभारी डॉ. मनीषा भारती ने बताया कि महिला सात माह की गर्भवती थी और समय से पूर्व प्रसव व संभावित जोखिम को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button