UKSSSC भर्ती 2026: ग्रुप-सी के 379 पदों पर निकली भर्ती, 26 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने ग्रुप-सी के अकाउंट्स कैडर के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 379 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 26 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इस भर्ती के माध्यम से अकाउंटेंट, असिस्टेंट अकाउंटेंट, असिस्टेंट अकाउंटेंट/जूनियर ऑडिटर, ऑफिस असिस्टेंट-III (अकाउंट्स) और कैशियर कम असिस्टेंट अकाउंटेंट के पद भरे जाएंगे। इनमें सबसे अधिक 372 पद असिस्टेंट अकाउंटेंट के हैं। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL), यूजेवीएनएल (UJVNL), पिटकुल (PTCUL), उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड, जल संस्थान, विभागीय लेखा निदेशालय सहित कई विभागों में की जाएगी।
आयोग के अनुसार, अधिकांश पदों के लिए अभ्यर्थी के पास बीकॉम, बीबीए या लेखांकन में समकक्ष योग्यता होना आवश्यक है। कुछ पदों के लिए कंप्यूटर ज्ञान, टाइपिंग दक्षता और संबंधित अनुभव भी अनिवार्य रखा गया है। अभ्यर्थियों की आयु सामान्यतः 21 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि कुछ पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
भर्ती प्रक्रिया में वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा, टाइपिंग टेस्ट (क्वालिफाइंग) और दस्तावेज सत्यापन शामिल होंगे। आवेदन शुल्क सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए 300 रुपये, जबकि एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 150 रुपये निर्धारित किया गया है। आवेदन पत्र में संशोधन 18 से 20 अगस्त तक किया जा सकेगा और लिखित परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है।



