उत्तराखंड

कोटद्वार में रहस्यमयी मामला: 30 मीटर गहरी खाई में मिली हरियाणा नंबर की बाइक, चालक का अब तक नहीं चला पता

Listen to this News

उत्तराखंड के कोटद्वार में एक रहस्यमयी मामला सामने आया है। पुलिंडा मार्ग पर जामुन बैंड के पास करीब 30 मीटर गहरी खाई में हरियाणा नंबर की एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली, लेकिन उसका चालक या कोई अन्य व्यक्ति घटनास्थल के आसपास नहीं मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बाइक को खाई से बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्राधिकारी कार्यालय में तैनात हेड कांस्टेबल पारस रतूड़ी को सूचना मिली कि गिवाई स्रोत से पुलिंडा जाने वाले मार्ग पर सड़क से नीचे एक मोटरसाइकिल गिरी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने रस्सियों की मदद से खाई में उतरकर जांच की तो वहां काले रंग की स्प्लेंडर बाइक मिली, जिसमें चाबी भी लगी हुई थी। हालांकि आसपास काफी तलाश करने के बावजूद कोई घायल या अन्य व्यक्ति नहीं मिला।

ई-चालान प्रणाली के माध्यम से वाहन का विवरण जांचने पर पता चला कि मोटरसाइकिल हरियाणा के गुरुग्राम निवासी जुनैद के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने वाहन से जुड़े मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला।

पुलिस ने मोटरसाइकिल को सुरक्षित कोतवाली कोटद्वार में रखवा दिया है और वाहन स्वामी व संभावित चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह सड़क दुर्घटना का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी खोजबीन तेज कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button