उत्तराखंड

एंजेल चकमा हत्याकांड: नेपाल में छिपे मुख्य आरोपी यज्ञराज पर शिकंजा, रेड कॉर्नर नोटिस जारी

Listen to this News

देहरादून। देहरादून के बहुचर्चित एंजेल चकमा हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी के खिलाफ दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नेपाल में शरण लेने वाले आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही आरोपी के प्रत्यर्पण (Extradition) की प्रक्रिया तेज हो गई है और पुलिस को उम्मीद है कि उसे जल्द भारत लाकर कानून के दायरे में लाया जा सकेगा।

पुलिस के अनुसार, त्रिपुरा निवासी 24 वर्षीय एमबीए छात्र एंजेल चकमा पर पिछले वर्ष 9 दिसंबर को देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल एंजेल ने 26 दिसंबर को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को नामजद किया था, जिनमें से पांच को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी यज्ञराज वारदात के बाद से फरार है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी नेपाल भाग गया है। इसके बाद दून पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और अब उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इससे आरोपी की वैश्विक स्तर पर तलाश तेज होगी और उसके भारत प्रत्यर्पण की संभावना मजबूत हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और नेपाल की संबंधित एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाए रखा गया है। रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद अब जांच एजेंसियां आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर भारत लाने की दिशा में कार्रवाई तेज करेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button