
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ज्वालापुर क्षेत्र स्थित जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाने उतरे चार नाबालिग कांवड़ यात्री गहरे पानी में डूब गए। जल पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर चारों को बाहर निकाला, लेकिन जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान शिवांशु (16), नितीश (16), रोहित (17) और भरत (16) के रूप में हुई है। सभी चंडीगढ़ के रहने वाले थे और 30 जुलाई की रात हरिद्वार कांवड़ लेने पहुंचे थे। शुक्रवार तड़के गंगाजल लेकर लौटते समय वे जटवाड़ा पुल के पास अपने अन्य साथियों का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान गर्मी से राहत पाने के लिए चारों गंगनहर में नहाने उतर गए।
बताया जा रहा है कि नहर में सिल्ट जमा होने के कारण अधिकांश हिस्से में पानी कम था, लेकिन बीच में कुछ स्थानों पर गहरा पानी था। चारों युवक रेलिंग पार कर उसी हिस्से में पहुंच गए और अचानक गहरे पानी की चपेट में आकर एक-एक कर डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएसपी ने बताया कि परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है।
इसी दिन हरिद्वार में एक अन्य घटना में गंगा के तेज बहाव में बह रहे दो युवकों को एसडीआरएफ की टीम ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया। प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गहरे पानी और प्रतिबंधित स्थानों पर स्नान करने से बचें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।



